Special TET 2026: 3 नवंबर को परीक्षा देने वाले शिक्षकों को विशेष अवकाश, BSA का आदेश जारी
प्रतापगढ़। स्पेशल टीईटी (विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा) 2026 में शामिल होने वाले शिक्षकों एवं स्पेशल एजुकेटर्स के लिए राहत भरी खबर है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रतापगढ़ ने 3 नवंबर 2026 को परीक्षा में सम्मिलित होने वाले शिक्षकों के लिए विशेष अवकाश घोषित किया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के पत्र के क्रम में 3 नवंबर 2026 को आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने वाले परिषदीय शिक्षकों एवं स्पेशल एजुकेटर्स को विशेष अवकाश दिया जाएगा।
आदेश में बताया गया है कि परीक्षा प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज एवं वाराणसी में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बनाए गए 131 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली में दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
केवल परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को अवकाश
बीएसए के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विशेष अवकाश केवल उन्हीं सेवारत शिक्षकों एवं स्पेशल एजुकेटर्स को मिलेगा, जो 3 नवंबर 2026 को आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
वहीं, अन्य सभी शिक्षक एवं स्पेशल एजुकेटर्स विद्यालय में उपस्थित रहकर शिक्षण कार्य करेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।